मेदिनीपुर, 07 मार्च (हि.स.)। पूर्व मेदिनीपुर जिले के कांथी क्षेत्र में शनिवार सुबह हुई सड़क दुर्घटना में 23 वर्षीय युवक सायन मिश्रा की मौत हो गई। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। सायन मिश्रा कानून की पढ़ाई कर रहे थे और साथ ही फोटोग्राफी के क्षेत्र में भी सक्रिय थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सायन मिश्रा का घर कांथी सेंट्रल बस स्टैंड के पास अंजलि ज्वेलर्स के सामने स्थित है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह काम समाप्त कर घर लौटते समय हेरिया इलाके के पास उनकी बाइक की एक डंपर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सायन मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के समय बाइक पर सवार एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में शोक का माहौल छा गया। सायन की असमय मृत्यु से परिवार और दोस्तों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फोटोग्राफी से जुड़े लोगों के बीच भी गहरा शोक व्यक्त किया जा रहा है। कम उम्र में इस तरह की दुखद घटना से क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
