एमडीएसयू प्राणीशास्त्र विभाग का गौरव सम्मान समारोह

अजमेर, 10 फरवरी(हि.स.) । महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के उपनिषद सभागार में प्राणीशास्त्र विभाग द्वारा कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में “प्राणीशास्त्र विभाग गौरव सम्मान” समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विभाग के उन पूर्व एवं वर्तमान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने राजकीय सेवा, उच्च शिक्षा, सहायक आचार्य पदों पर चयन प्राप्त किया या नेट, जेआरएफ तथा पीएचडी के लिए योग्यता अर्जित कर विभाग का नाम गौरवान्वित किया है।

विभागाध्यक्ष प्रो. सुभाष चंद्र ने बताया कि राजकीय सेवा में चयनित विद्यार्थियों को प्राणीशास्त्र विभाग गौरव ‘आचार्य सुश्रुत’ सम्मान तथा नेट, जेआरएफ और पीएचडी के लिए योग्यता प्राप्त विद्यार्थियों को ‘ऋषि शालिहोत्र’ सम्मान प्रदान करने का नवाचार प्रारंभ किया गया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप इन सम्मानों का नाम भारतीय ऋषियों पर रखने से विद्यार्थियों का भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ाव भी सुदृढ़ होगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 से विभाग में सीएसआईआर-नेट आधारित पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है और वर्ष 2025 परीक्षा सत्र में विभाग के सात विद्यार्थियों ने एमएससी के साथ-साथ सीएसआईआर-नेट परीक्षा भी उत्तीर्ण की है।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय के सभी विभागों में इस प्रकार के नवाचार प्रारंभ किए जाने चाहिए, जिससे विद्यार्थियों और शोधार्थियों की उपलब्धियों को समाज के सामने लाया जा सके। उन्होंने उपलब्धियों को सम्मानित करने तथा विद्यार्थियों को विभाग का एम्बेसडर बनाने वाली सुविधाएँ विकसित करने पर बल दिया।
समारोह में चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ अशोक गुप्ता, दिलीप शर्मा, अतिथि शिक्षक आशी भटनागर, कंचन जैन, दिनेश कुमार, पंकज यादव सहित अन्य उपस्थित रहे। संचालन डॉ विवेक शर्मा ने तथा धन्यवाद डॉ. राजू शर्मा ने ज्ञापित किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष
