रायपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने सक्रिय मौसमी सिस्टम के कारण अगले 2-3 दिनों तक कई जिलों में तेज आंधी-तूफान (40-50 किमी/घंटा), ओलावृष्टि और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए विशेषकर बस्तर संभाग के बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा के कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और तेज आंधी के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है । रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा संभाग के जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां गरज-चमक के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग ने सूरजपुर, कोरिया, पेंड्रा, कोरबा, मुंगेली, बिलासपुर, बालोद, राजनांदगांव और बेमेतरा जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तेज आंधी, बिजली गिरने और मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। बस्तर के तोकापाल, भनपुरी और जगदलपुर जैसे इलाकों में बारिश हुई है ।राजनांदगांव में सबसे ज्यादा 38.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान सबसे कम रहा।
बारिश और बादलों के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेष रूप से खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है। किसानों को भी फसल और मवेशियों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने की हिदायत दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा
