यमुनानगर, 05 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के बुडिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि एसआई अनूप सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान गांव टापू माजरी के रकबे में सामने से आता एक युवक पुलिस को देखकर अचानक दिशा बदलकर तेज कदमों से आगे बढ़ने लगा। युवक की संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी पहचान सूरज निवासी सहारनपुर के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। जब हथियार की जांच की गई तो उसके चैंबर से 8 एमएम का एक जिंदा कारतूस भी मिला। पुलिस ने आरोपी से हथियार रखने के संबंध में लाइसेंस या अन्य वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उन्हें सबूत के तौर पर सील कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि युवक से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह अवैध हथियार कहां से लेकर आया था और इसके पीछे उसकी क्या मंशा थी। जांच अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं आरोपी किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना तो नहीं बना रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
