यमुनानगर, 14 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर शहर थाना पुलिस ने 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी को विवाह के उद्देश्य से बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। थाना प्रबंधक नरिंदर सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी 17 वर्षीय बेटी सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी।

काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और एएसआई किरण कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित करके टीम ने तकनीकी और अन्य माध्यमों से जांच आगे बढ़ाई । जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि जम्मू कॉलोनी निवासी मोहित नाबालिग किशोरी को शादी के उद्देश्य से अपने साथ ले गया है।
इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने किशोरी को भी सुरक्षित बरामद कर लिया। नियमानुसार उसके बयान दर्ज कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। थाना प्रबंधक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
