यमुनानगर, 28 जनवरी (हि.स.) यमुनानगर के थाना बुड़िया क्षेत्र में मंगलवार शाम हुई सड़क दुर्घटना में 69 वर्षीय बुज़ुर्ग की जान चली गई। तेज रफ्तार ट्राले की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए बुज़ुर्ग को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसा उस समय हुआ, जब मृतक का दामाद कुछ ही दूरी पर पीछे चल रहा था।

मृतक की पहचान लियाकत अली (69) के रूप में हुई है। बताया गया है कि लियाकत अली गांव कनालसी में अपनी बेटी से मुलाकात कर शाम के समय मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। शिकायतकर्ता एवं मृतक के दामाद कनालसी निवासी राकिब अली, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह भी अपनी मोटरसाइकिल पर पीछे-पीछे बुडिया बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान मेहर माजरा मोड़ से आगे यमुना डिकोर सनमाइका फैक्ट्री के समीप एक ट्राला चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए आगे निकलकर लियाकत अली की मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद बुज़ुर्ग सड़क पर गिर पड़े और ट्राले का टायर उनके ऊपर से गुजर गया। हादसे के तुरंत बाद ट्राला चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके माध्यम से घायल को सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के उपरांत लियाकत अली को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही थाना बुडिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने दामाद की शिकायत के आधार पर ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी सुमन कुमार ने बताया कि फरार चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
