यमुनानगर, 08 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर जिले में शनिवार रात कॉलेज से जुड़े पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आपसी समझौते के नाम पर बुलाए गए तीन युवकों पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिसमें एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान नागल गांव निवासी 18 वर्षीय आदित्य के रूप में हुई है, जो यमुनानगर एक कॉलेज में प्रथम वर्ष का छात्र था।

हमले में खजूरी निवासी राजकुमार और अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार जारी है। राजकुमार की हालत नाजुक बताई जा रही है और उसे चंडीगढ़ के एक अस्पताल में रेफर किया गया है। परिजनों और पुलिस के अनुसार, आदित्य का कॉलेज के ही एक छात्र रक्षित से किसी पुराने विवाद को लेकर तनाव चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के बहाने रक्षित ने आदित्य और उसके साथियों को शनिवार शाम खजूरी गांव स्थित एक धर्मशाला में बुलाया था। बातचीत के दौरान अचानक कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान रक्षित ने तेजधार हथियार से आदित्य के गले पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए राजकुमार पर भी चाकू से वार किया गया। अर्जुन को भी हमले में गंभीर चोटें आईं। घटना के समय आरोपितों के साथ कई अन्य युवक भी मौजूद थे, जिन्होंने हमले में सहयोग किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना जठलाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मुख्य आरोपी रक्षित और उसके पिता प्रीतम सिंह के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। एहतियातन खजूरी गांव और सिविल अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
