यमुनानगर, 16 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर शहर के रामपुरा कॉलोनी क्षेत्र से दो सगी बहनों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार की महिला अपने पुत्र के साथ उत्तराखंड गई हुई थी, जबकि घर पर पति और दोनों बेटियां मौजूद थी।

इसी दौरान सोमवार को दोनों बहनें घर से बिना बताए कहीं चली गईं। घटना का पता चलने पर परिजनों ने आसपास और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। शिकायतकर्ता के अनुसार, घर की जांच करने पर यह भी सामने आया कि अलमारी में रखे कुछ आभूषण भी गायब हैं। आशंका जताई जा रही है कि दोनों बहनें जाते समय जेवर अपने साथ ले गई हैं। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
परिवार मूल रूप से उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल क्षेत्र का रहने वाला है और पिछले कई वर्षों से रामपुरा कॉलोनी में निवास कर रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला तत्काल यमुनानगर पहुंची और पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर संभावित स्थानों पर तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और विभिन्न टीमों को सक्रिय किया गया है, ताकि दोनों बहनों का जल्द पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू पर जांच की जा रही है और शीघ्र ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
