इटानगर, 10 अप्रैल (हि.स.)। दिवंगत यापी पोटम के लिए न्याय की मांग करते हुए, विभिन्न समुदायों और संगठनों के हजारों लोगों ने आज दोपहर अरुणाचल प्रदेश के राजधानी इटानगर में एक विशाल मोमबत्ती रैली में भाग लिया।

रैली आकाशदीप बाजार से शुरू होकर आईजी पार्क के टेनिस कोर्ट पर समाप्त हुई। विशाल रैली का आयोजन कारगु कार्डी वेलफेयर सोसाइटी (केकेडब्ल्यूएस) और लोडू आओ वेलफेयर सोसाइटी (एलएडब्ल्यूएस) ने अरुणाचल टीचर्स एसोसिएशन (आईटीए), इटानगर कैपिटल रीजन के सहयोग से किया गया था।
इस रैली में शामिल लोग हाथों में मोमबत्तियां लिए, पोस्टर और बैनर लहराते हुए ‘दिवंगत यापी पोटम के लिए न्याय’ और हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा की मांग की’, साथ ही कहा, ‘हम ऐसे अपराधियों को नहीं चाहते’ आदि नारे लगाये।
आईजी पार्क में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कई वक्ताओं ने 7 अप्रैल को हुई यापी पोटम की हत्या पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया।
अरुणाचल टीचर्स एसोसिएशन (एटीए) के अध्यक्ष किपा केचक ने बताया कि यापी चिंपू स्थित सरकारी माध्यमिक विद्यालय में कनिष्ठ शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं और एक ईमानदार और निष्ठावान व्यक्ति थीं। उन्होंने पोटम के निधन को शैक्षणिक समुदाय और राज्य की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक गहरा आघात बताया। उन्होंने कहा, वह एक मेहनती और निष्ठावान शिक्षिका और दो बच्चों की मां थीं।राज्य का पूरा शिक्षण समुदाय इस घटना से गहरे सदमे में है। इस घटना पर हैरानी जताते हुए, एटीए ने मांग की कि अपराधी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों से भी त्वरित जांच करने और चल रही जांच के बारे में पारदर्शी जानकारी देने का आग्रह किया।
उन्होंने आगे कहा, हम सभी पुलिस की जांच के संपर्क में हैं और हमारी मांग है कि हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए और यदि कोई अन्य व्यक्ति इसमें शामिल है तो उसे भी कानून की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया जाए।
42 वर्षीय पोटम की हत्या 7 अप्रैल को हुई थी, जब आरोपित डकसेन रिराम ने कथित तौर पर इटानगर के ईएसएस सेक्टर स्थित उनके आवास के पास उन पर दाव (एक प्रकार का चाकू) से हमला किया और मौके से फरार हो गया था। रिराम को बाद में राजधानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी
