
अमेठी, 09 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी में इंहौना थाना क्षेत्र के चिलौली गांव में बृहस्पतिवार की सुबह एक युवक का शव लाल गमछा के सहारे आम के पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मोहनगंज के गांव कोंची निवासी शुभम (24) पुत्र शिवकुमार अपने ननिहाल चिलौली गांव में बरसाती के यहां आया हुआ था। बताया जा रहा है कि वह अक्सर अपने ननिहाल में ही रहता था और वहीं अधिक समय बिताता था।
बीती देर रात गांव के बाहर स्थित एक बाग में शुभम ने आम के पेड़ से लाल गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब ग्रामीणों की नजर पेड़ से लटक रहे शव पर पड़ी तो हड़कंप मच गया। तत्काल घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची इंहौना पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है। वहीं इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। मां सुमिरता, बहन चाहत सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि शुभम परिवार में सबसे बड़ा था, उसके बाद एक छोटी बहन जिसका नाम चाहत है। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीण भी घटना को लेकर स्तब्ध हैं और तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष इंहौना विवेक सिँह ने बताया कि मृतक ने फाँसी क्यों लगाई इसकी जाँच की जा रही है। अभी तक परिवारीजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीँ दी गयी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी
