श्रीनगर, 29 जनवरी (हि.स.)। डल झील में शिकारा की सवारी, पहाड़ियों पर बर्फ की चादर से ढका खूबसूरत सफेद रंग और अलाव के साथ बर्फ में स्नान। यूएई स्थित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर खालिद अल अमेरी ने स्वीकार किया है कि कश्मीर के बर्फीले स्वर्ग ने उन्हें मंत्रमुग्ध कर दिया है।

42 वर्षीय स्टैनफोर्ड स्नातक, जिनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगभग 1.8 करोड़ फॉलोअर्स हैं कहते हैं कि उन्होंने दुबई से लगभग चार घंटे की यात्रा की और बर्फ से ढकी घाटी के शांत दृश्यों से मोहित हो गए। कश्मीर के कई हिस्से, विशेषकर गुलमर्ग और पहलगाम जैसे पर्यटन स्थल, ‘चिल्ला-ए-कलां’ के अंतिम चरण में बर्फ से ढके हुए हैं। ‘चिल्ला-ए-कलां’ 40 दिनों की अत्यधिक ठंड की अवधि होती है जिसके दौरान रात का तापमान अक्सर हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे चला जाता है और बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है। अल अमेरी जो पिछले चार दिनों से कश्मीर में हैं ने अपने प्रवास के कई वीडियो पोस्ट किए हैं जिनमें डल झील में फिरन पहने नाव की सवारी का वीडियो भी शामिल है। उनके एक अन्य वीडियो में इन्फ्लुएंसर को गुलमर्ग में बर्फ से स्नान करते हुए देखा जा सकता है जहां पिछले कुछ दिनों से भारी बर्फबारी के कारण दिन का तापमान हिमांक बिंदु के करीब बना हुआ है।

उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर लिखा, दुबई से लगभग चार घंटे की यात्रा पर बर्फ से ढका एक स्वर्ग है जिसकी सुंदरता कल्पना से परे है, माशाअल्लाह। अल अमेरी को मिले गर्मजोशी भरे स्वागत से भी वे काफी प्रभावित हुए हैं। “कश्मीर की खूबसूरती तस्वीरों या वीडियो में दिखने वाली खूबसूरती से कहीं ज़्यादा गहरी है। यहाँ समय बिताने के बाद मुझे एहसास हुआ कि इसकी असली खूबसूरती सिर्फ़ प्राकृतिक दृश्यों में ही नहीं बल्कि रोज़मर्रा की ज़िंदगी में परंपराओं के पालन में भी है। “डल झील के किनारे फेरन पहनकर मुझे एक ऐसी संस्कृति की झलक मिली जिसे अभ्यास, धैर्य और गौरव के ज़रिए पीढ़ियों से संजोकर रखा गया है, भले ही दुनिया बदलती जा रही हो,” उन्होंने लिंक्डइन पर एक पोस्ट में कहा। अल अमेरी ने कहा कि कश्मीर यात्रा ने उन्हें याद दिलाया है कि “अर्थपूर्ण स्थान सिर्फ़ दिखने में ही नहीं बल्कि जीवन शैली में भी परिभाषित होते हैं और अक्सर सबसे महत्वपूर्ण बातें वे होती हैं जो कैमरे के लेंस से नहीं दिखतीं।”अल अमेरी ने कश्मीर की शांति का सजीव वर्णन किया। उन्होंने कहा, “कश्मीर में एक ऐसी शांति है जो सिर्फ़ वहां के नज़ारों तक सीमित नहीं है। यह शांति वहां के सन्नाटे, धीमी गति और चिंतन के लिए मिलने वाले सुकून में निहित है। ऐसे क्षण हमें एक महत्वपूर्ण सबक सिखाते हैं कि प्रगति हमेशा अधिक काम करने से नहीं बल्कि पीछे हटकर खुद को नए सिरे से समझने से मिलती है।” अपने अनुयायियों को कश्मीर आने का एक अप्रत्यक्ष निमंत्रण देते हुए अल अमेरी ने कहा, “जीवन और कार्य में स्पष्टता अक्सर तब आती है जब हम खुद को धीमा होने, सुनने और जल्दबाजी के बजाय सोच-समझकर आगे बढ़ने की अनुमति देते हैं!” अधिकारियों का कहना है कि जम्मू और कश्मीर का पर्यटन क्षेत्र जिसे पिछले साल के पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद प्रतिकूल मौसम की वजह से भारी झटका लगा था, धीरे-धीरे सुधार के संकेत दिखा रहा है और हालात सुधरने के साथ ही पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। कुछ दिन पहले जम्मू और कश्मीर के मुख्य सचिव अटल दुल्लू ने कहा था कि सरकार पर्यटकों की बढ़ती संख्या और सतत विकास के लिए अपनी पर्यटन रणनीति का पुनर्मूल्यांकन कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता
