-देसी गायों के संरक्षण से अयोध्या में बढ़ रहा दुग्ध उत्पादन

-गोपालन को बढ़ावा देकर किसानों को आत्मनिर्भर बना रही प्रदेश सरकार
-दुग्ध उत्पादन बढ़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिल रही मजबूती
अयोध्या, 11 मार्च (हि.स.)। योगी सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अयोध्या जनपद में गोपालन को नया प्रोत्साहन मिल रहा है। इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ देसी गायों के संरक्षण और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि करना है।
योगी सरकार द्वारा संचालित नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत जनपद के चार लाभार्थियों को सीधा लाभ मिल रहा है। इस योजना के माध्यम से किसानों को डेयरी इकाइयों की स्थापना और गोपालन को बढ़ावा देने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इससे पशुपालकों को अपनी आय के नए स्रोत विकसित करने का अवसर मिल रहा है। इसी प्रकार मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत भी अयोध्या के चार किसानों को लाभ मिला है। इस योजना के तहत छोटे स्तर पर डेयरी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे सीमांत और छोटे किसान भी गोपालन के माध्यम से अपनी आमदनी में वृद्धि कर पा रहे हैं।
गौ-संवर्धन योजना के तहत 28 लाभार्थियों को चयन किया गया
मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के तहत जनपद के 28 लाभार्थियों को चयन किया गया। इस योजना का मुख्य उद्देश्य देसी नस्ल की गायों का संरक्षण, संवर्धन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ाना है। योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। इन योजनाओं के प्रभाव से अयोध्या में देसी गायों के पालन को बढ़ावा मिला है, जिसके चलते दुग्ध उत्पादन में भी वृद्धि देखी जा रही है। इससे न केवल पशुपालकों की आय बढ़ रही है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक सशक्तिकरण को मिल रहा बढ़ावा
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अयोध्या डा० इन्द्र देव ने बताया कि प्रदेश सरकार का मानना है कि गोपालन को प्रोत्साहित कर किसानों को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। योजनाओं के माध्यम से पशुपालन को आय का स्थायी साधन बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल रहा है। इसके साथ-साथ गोवंश से प्राप्त गोबर एवं गौ मूत्र के प्रयोग से जैविक प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय
