मेदिनीपुर, 1 मार्च (हि.स.)। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क अभियान को धार देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ने राज्यव्यापी ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ की शुरुआत का ऐलान किया है। यात्रा का शुभारंभ आज दोपहर दो बजे पश्चिम मेदिनीपुर जिले के गड़बेता से किया जाएगा।

उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी उपस्थित रहेंगे। पार्टी के अनुसार, इस रथयात्रा का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक घर तक “परिवर्तन का संदेश” पहुंचाना और जनता से सीधा संवाद स्थापित करना है।

भाजपा की योजना के तहत पूर्व मिदनापुर जिले में एक मार्च से यात्रा की शुरुआत कांथी से होगी, जो नंदीग्राम और चंडीपुर से होकर गुजरेगी। 10 मार्च को रथ नर्गाट, हल्दिया, तमलुक और मयना विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगा, जहां जिला चरण का समापन किया जाएगा।
इसी क्रम में तमलुक स्थित संगठनात्मक जिला कार्यालय में शनिवार शाम को आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व सांसद एवं भाजपा नेता दिव्येंदु अधिकारी ने कहा कि परिवर्तन का संदेश लेकर पार्टी का रथ पूरे जिले का भ्रमण करेगा।उन्होंने दावा किया कि जनता का व्यापक समर्थन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और यह यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं का प्रतीक है।
भारतीय जनता पार्टी के मेदिनीपुर जिला सह-सभापति डॉ. शंकर गुछैत ने कहा कि ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ के दौरान विभिन्न स्थानों पर जनसभाएं और पथसभाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रदेश के वरिष्ठ नेता और जिला स्तर के कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस यात्रा के माध्यम से बड़ी संख्या में लोग भाजपा से जुड़ेंगे और संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
