
रांची, 04 मार्च (हि.स.)। होली के पावन अवसर पर रांची जिला प्रशासन में खुशियों, उत्साह और भाईचारे का रंग देखने को मिला। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने बुधवार को उपायुक्त आवास पर पारंपरिक होली मिलन समारोह का आयोजन किया, जिसमें जिले के वरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया।

समारोह के दौरान सभी अधिकारियों ने एक-दूसरे को रंग, गुलाल और अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं ।होलियाना गीतों और हंसी-ठिठोली के बीच पूरा वातावरण उल्लासमय बना रहा। प्रशासनिक दायित्वों के बीच यह आयोजन आपसी सद्भाव और टीम भावना को मजबूत करने का अवसर बना।

इस अवसर पर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और यह पर्व समाज में प्रेम, एकता तथा भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों की व्यस्तता के बीच ऐसे आयोजन सभी को एक परिवार की तरह जोड़ते हैं।
उन्होंने कहा, “आज हम सबने मिलकर होली खेली, जिससे कार्यालयीन तनाव से मुक्ति मिली और नई ऊर्जा के साथ जनसेवा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और मजबूत हुई।”
उपायुक्त ने जिले के सभी पदाधिकारियों, कर्मचारियों तथा रांचीवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल तरीके से मनाएं।
होली एवं आगामी त्योहारों को देखते हुए उपायुक्त ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देशों की पुनः पुष्टि की। उन्होंने अफवाहों पर नियंत्रण, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा शांति समितियों की सक्रियता सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन हर स्तर पर सतर्क है, ताकि आमजन पूर्ण सुरक्षा और शांति के साथ त्योहार का आनंद ले सकें।
इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन सहित जिले के सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।————–
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
