राजगढ़, 01 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में जीरापुर थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए घर से बिना बताए लापता हुई नाबालिग बालिका को राजस्थान से सकुशल दस्तयाब कर लिया।

पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर की गई कार्रवाई में आरोपी युवक ईश्वर गुर्जर (23) निवासी कल्याखेड़ी, जिला राजगढ़ को हिरासत में ले लिया है।
थाना प्रभारी आदित्य सोनी ने बुधवार को बताया कि 29 मार्च को बालिका के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने तकनीकी सुरागों के आधार पर राजस्थान में दबिश दी, जहां से बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बालिका को दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया और आरोपित युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। बालिका के कथनों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
