राजगढ़, 11 मार्च(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सुठालिया थाना क्षेत्र के ग्राम गिन्दौरहाट में बुधवार को क्लीनिक पर इलाज के लिए गई 25 वर्षीय महिला के साथ निजी चिकित्सक ने अश्लील हरकतें करते हुए छेड़खानी कर दी।

वहीं देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र के विनायक नगर में 63 वर्षीय व्यक्ति ने 19 वर्षीय युवती का बुरी नीयत से हाथ पकड़कर छेड़खानी की। पुलिस ने दोनों प्रकरण में आरोपितों के खिलाफ छेड़छाड़ व जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की।
सुठालिया थाना पुलिस के अनुसार ग्राम गिन्दौरहाट निवासी 25 वर्षीय महिला ने बताया कि सुबह पति के साथ गांव की क्लीनिक पर इलाज के लिए गई थी। इसी दौरान चिकित्सक पवन बैरागी ने बोटल चढ़ाने के दौरान अश्लील हरकतें की, विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी। बताया गया है कि पवन बैरागी फार्मेसी की डिग्री के बाद गांव में निजी क्लीनिक का संचालन कर रहा है। पुलिस ने मामले में आरोपित के खिलाफ धारा 74, 351(3)बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की।
देहात ब्यावरा थाना पुलिस के अनुसार विनायक नगर निवासी 19 वर्षीय युवती ने बताया कि 9 मार्च को वहीं का 63 वर्षीय उमेश पुत्र मिश्रीलाल विश्वकर्मा घर पर भगवान की पूजा के लिए पानी लेने आया,जो बुरी नीयत से हाथ पकड़कर अश्लील बातें करने लगा, विरोध करने पर वह जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया। घटना के दौरान युवती घर में अकेली थी, जिसके परिजन मजदूरी करने गए हुए थे। पुलिस ने मौके से फरार आरोपित के खिलाफ धारा 74, 75(1)(आई), 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
