राजगढ़, 14 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के जीरापुर थाना क्षेत्र में छापीहेड़ा रोड़ पर ग्राम झाडमउ जोड़ के नजदीक कच्चे मार्ग पर शनिवार दोपहर बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, हादसे में सड़क पर गिरी 40 वर्षीय महिला पीछे से जा रहे ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गई, जिसके मुंह में गंभीर चोटें लगने से मौके पर ही मौत हो गई वहीं महिला की गोद में बैठी उसकी ढ़ाई साल की बच्ची सुरक्षित बच गई।

पुलिस के अनुसार जीरापुर-छापीहेड़ा रोड़ स्थित ग्राम झाडमउ जोड़ स्थित टोलनाका के समीप कच्चे मार्ग पर बाइक असंतुलित होकर फिसल गई, जिससे बाइक सवार रुपाबाई (40) पत्नी मनोहर वर्मा निवासी बावड़ीखेड़ा थाना माचलपुर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान पीछे से जा रहे ट्रक क्रमांक आरजे 29 जीबी 1619 का पिछला पहिया महिला के सिर पर चढ़ गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर महिला की गोद में उसकी ढ़ाई साल की बेटी भी बैठी हुई थी ,जो पूरी तरह से सुरक्षित रही, लेकिन उसकी आंखों के सामने मां की मौत हो गई। बताया गया है कि महिला अपने रिश्तेदार के साथ बाइक से मायके ग्राम खजूरी जा रही थी तभी हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना के बाद बाइक चालक मौक से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में लेकर एम्बूलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जिसका पोस्टमार्टम रविवार को किया जाएगा। पुलिस ने मौके से ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
