राजगढ़, 17 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित खोयरी महादेव मंदिर में मंगलवार अल्सुबह चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। अज्ञात बदमाश मंदिर परिसर में घुसकर गेती से दानपेटी तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ले गया। घटना मंदिर में लगे सीसीटीव्ही.कैमरे में कैद हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।

मंदिर पुजारी ने बताया कि वह सुबह आरती के लिए पहुंचे तो नंदी हाल में रखी दानपेटी टूटी हुई मिली। पास ही गेती और पत्थर भी पड़े थे, जिससे साफ है कि चोर सुनियोजित तरीके से आए थे। पुजारी का कहना है कि दानपेटी में पिछले कुछ माह की चढ़ाई जमा थी। अनुमान है कि चोर पिछले हिस्से से अंदर घुसे और नंदी हाॅल में रखी दानपेटी को तोड़कर नकदी ले गए।
मंदिर समिति अध्यक्ष ने बताया कि इससे पहले भी 7 जून 2025 को इसी तरह की चोरी हुई थी,लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। लगातार हो रही घटनाओं से श्रद्धालुओं में रोष है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं,लेकिन पुलिस गश्त प्रभावी नहीं है। पुलिस ने सीसीटीव्ही.फुटेज जब्त कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। आसपास के मार्गों और दुकानों के कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
