राजगढ़,8 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र में रविवार रात 9 बजे ग्राम अरन्या जोड़ के समीप इंदौर से गाजियाबाद जा रहा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक भतीजे की मौत हो गई, वहीं उसका काका गंभीर रुप से घायल हो गया, जिसका सिविल अस्पताल ब्यावरा में उपचार किया जा रहा है। हादसे के दौरान सड़क के किनारे खड़ी कार भी ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मामले में जांच शुरु की।

पुलिस के अनुसार हाइवे स्थित ग्राम अरन्या जोड़ के समीप इंदौर से सामान भरकर गाजियाबाद यूपी जा रहा तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक एचआर 61 ई 7859 अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कार चालक आकाश (25) पुत्र कंवरपाल सिंह निवासी मथुरा की मौत हो गई वहीं उसका काका भीमसेन(42)पुत्र नेमसिंह ठाकुर गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची शहर व देहात ब्यावरा थाना पुलिस दोनों को सिविल अस्प्ताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। हादसे के दौरान रोड़ किनारे खड़ी कार क्रमांक एमपी 39 जेडवी 9569 चपेट में आ गई, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार सवार दोनों युवक शौंच करने के लिए नीचे उतर गए थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
