राजगढ़, 02 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बोड़ा थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।

पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर तलेन थाना क्षेत्र के ग्राम बौछाट में गुरुवार को दबिश दी और मारपीट के प्रकरण में पांच वर्षों से पुलिस से बचता फिर रहा आरोपी बीरम पुत्र रामचंदर मोंगिया को हिरासत में ले लिया।
थाना प्रभारी देवेन्द्रसिंह राजपूत ने बताया कि वर्ष 2020 में ग्राम हुलखेड़ा निवासी बीरम मोंगिया के खिलाफ धारा 294, 323 और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया था। न्यायालय नरसिंहगढ़ द्वारा उसके खिलाफ स्थाई वारंट जारी होने के बाद से वह लगातार स्थान बदलकर पुलिस की पकड़ से दूर बना हुआ था। उसे पकड़ने के लिए कई बार प्रयास किए गए, लेकिन हर बार वह बच निकलता था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने रणनीति बनाकर कार्रवाई की और आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
