राजगढ़, 12 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम देवझिरी में एक दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय मासूम बच्ची की पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई। घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम बंदा थाना माचलपुर निवासी 5 वर्षीय माहिरा, पिता देवकरण गुर्जर, इन दिनों अपने मामा के घर ग्राम देवझिरी में रह रही थी। रविवार शाम वह घर के पास खेल रही थी, तभी अचानक घर में बने पानी के टैंक में गिर गई। पास में खेल रहे अन्य बच्चों की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद बच्ची को टैंक से बाहर निकाला। गंभीर हालत में परिजन उसे तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के समय बच्ची के मामा बद्रीलाल गुर्जर किसी कार्यक्रम में गए हुए थे। बच्ची टैंक में कैसे गिरी, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
