नाहन, 09 फ़रवरी (हि.स.)। पुलिस थाना राजगढ़ जिला सिरमौर की टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन व्यक्तियों को चिट्टा सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.66 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कशिश भरोटा निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी संजौली, शिमला, रूब्बल जदेईक निवासी गांव पंडरोग तथा निक्षित चौहान निवासी गांव पुडग, तहसील कोटखाई, जिला शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस चौकी पझौता, थाना राजगढ़ की टीम ने 8 फरवरी को गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर शरगांव के पास एक वाहन संख्या HP-99-8880 को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में सवार तीनों व्यक्तियों के कब्जे से 1.66 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।इस मामले में पुलिस थाना राजगढ़ में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 व 29 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।
मामले की पुष्टि करते हुए जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर
