
जयपुर, 12 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में विकास और निवेश की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार ने निवेश को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है और 2047 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 4.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को भारतीय उद्योग परिसंघ राजस्थान के वार्षिक सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार निवेशपरक माहौल, नवाचारों को प्रोत्साहन, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और सिंगल विंडो क्लीयरेंस जैसी व्यवस्थाओं के जरिए उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण तैयार कर रही है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि राजस्थान में निवेश करने वाले उद्यमियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। विकसित राजस्थान 2047 के लक्ष्य को आधार बनाकर ग्राम पंचायतों से लेकर नगर निकायों तक के समग्र विकास का रोडमैप तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को साकार करने में राजस्थान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचने की दिशा में अग्रसर है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने विकास को गति देने के लिए 34 नई नीतियां लागू की हैं। एयर कनेक्टिविटी और सड़क नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है। प्रदेश में प्रचुर मात्रा में उपलब्ध खनिज संसाधनों की प्रोसेसिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा ‘एक जिला-एक उत्पाद’ योजना के माध्यम से जिलों की स्थानीय विशेषताओं को बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में भी राजस्थान में अपार संभावनाएं हैं और सरकार शेखावाटी की हवेलियों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार युवा नीति लेकर आई है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत युवाओं को ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है ताकि वे रोजगार पाने के साथ रोजगार देने वाले भी बन सकें। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य सरकारी क्षेत्र में 4 लाख और निजी क्षेत्र में 6 लाख रोजगार उपलब्ध कराने का है। अब तक 1 लाख 25 हजार नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1 लाख 33 हजार भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं और 1 लाख से अधिक पदों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया जा चुका है।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में समावेशी विकास और बेहतर सुशासन को प्राथमिकता दी जा रही है। ‘फ्यूचर रेडी राजस्थान’ के लक्ष्य के साथ नगरीय विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और सतत विकास के क्षेत्रों में काम किया जा रहा है। उन्होंने उद्यमियों से महिला सशक्तिकरण, आईटीआई और कौशल प्रशिक्षण के क्षेत्र में सहयोग की अपील की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के नियुक्ति पत्र और महिलाओं को उद्यमिता के लिए वाउचर पत्र भी सौंपे।
कार्यक्रम में सीआईआई (उत्तर क्षेत्र) की अध्यक्ष अंजली सिंह, सीआईआई राजस्थान के अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित कई उद्योगपति और पदाधिकारी मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित
