जयपुर, 18 मार्च (हि.स.)। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने राजस्थान दिवस (19 मार्च) और नव संवत्सर 2083 एवं चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

राज्यपाल बागडे ने अपने संदेश में कहा कि ‘राजस्थान’ नाम ही गौरव और स्वाभिमान की अनुभूति कराता है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा राजस्थान दिवस को भारतीय तिथि के अनुसार मनाने की घोषणा की सराहना करते हुए इसे सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह दिवस केवल स्थापना दिवस नहीं, बल्कि प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, सद्भाव और स्वाभिमान को संजोने का अवसर है। साथ ही उन्होंने सभी से राजस्थान के सर्वांगीण विकास में सहभागिता का आह्वान किया।
इसी क्रम में राज्यपाल ने नव संवत्सर 2083 और गुरुवार से प्रारंभ हो रहे चैत्र नवरात्र पर भी प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। उन्होंने नए संवत्सर को नए संकल्पों के साथ राष्ट्र और समाज के उत्थान हेतु कार्य करने का संदेश दिया।
राज्यपाल ने शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा से प्रार्थना करते हुए कहा कि वे सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली प्रदान करें। उन्होंने मां दुर्गा के नौ रूपों को नमन करते हुए नवरात्र के पावन पर्व पर सभी के कल्याण की कामना की।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
