जयपुर, 12 मार्च (हि.स.)। राजस्थान में आगामी दिनों मौसम में बदलाव के संकेत हैं। प्रदेश में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहे हैं, जिनके प्रभाव से अगले एक सप्ताह तक मौसम बदला हुआ रह सकता है। इस दौरान कई क्षेत्रों में आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार बुधवार रात से ही प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहे, जिससे दिन के तापमान में गिरावट और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। गुरुवार को प्रदेश के 12 शहरों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। सबसे अधिक 39.8 डिग्री तापमान कोटा में दर्ज किया गया, जबकि रात का सबसे अधिक तापमान 25.2 डिग्री फलौदी में रिकॉर्ड किया गया। कोटा के अलावा भीलवाड़ा, पिलानी, चित्तौड़गढ़, बाड़मेर, पाली, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर और चूरू सहित कई शहरों में भी दिन का तापमान 37 डिग्री के पार रहा।
मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार 14 और 15 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर संभाग तथा शेखावाटी क्षेत्र के जिलों के साथ श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की आंधी और बारिश हो सकती है। इसके अलावा 19 से 21 मार्च के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे कुछ स्थानों पर फिर मौसम प्रभावित हो सकता है।
जयपुर में भी बुधवार रात से बादल छाए रहने के कारण दिन का तापमान 0.6 डिग्री घटकर 36.4 डिग्री और रात का तापमान 2.8 डिग्री बढ़कर 23.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार सप्ताहांत में जयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में मौसम बदला हुआ रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश
