चेन्नई, 05 मार्च (हि.स.)। तमिलनाडु से छह राज्यसभा सीटाें के लिए हाे रहे चुनाव में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके)

के चार और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईडीएमके) के दाे उम्मीदवारों ने गुरुवार काे अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है।

दरअसल, तमिलनाडु सहित पूरे देश में खाली हो रही 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव की तारीख घोषित कर दी गई है। राज्यसभा में तमिलनाडु के लिए कुल 18 सीटें हैं। इनमें से रोटेशन प्रणाली के तहत हर ढाई साल में 6 सीटों के लिए चुनाव होता है। इस बार तमिलनाडु से तिरुचि शिवा, एनआर इलंगो, अंथियूर सेल्वराज, एनवीएन कनिमोझी सोमू, एम थंबीदुरई और जीके वासन का कार्यकाल 2 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। इन खाली होने वाली सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया 26 फरवरी से शुरू हाे चुकी है। आज नामांकन का अंतिम दिन है।
राज्यसभा चुनाव में एक सदस्य के चुनाव के लिए 34 विधायकों के वोट की आवश्यकता होती है। मौजूदा स्थिति में डीएमके को चार और एआईएडीएमके को दाे सीटें मिलने की संभावना है। तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए डीएमके और एआईएडीएम दोनों अपने गठबंधन सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे पर चर्चा कर रहे हैं। इस दौरान कुछ सहयोगी दलों ने राज्यसभा सीट की भी मांग की थी, जिसके कारण उम्मीदवारों की घोषणा में कुछ कठिनाई आई।
आज नामांकन का अंतिम दिन होने के कारण दोनों दलों ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी और सीटों का बंटवारा भी तय कर लिया। डीएमके को मिली चार सीटों में से एक सीट पार्टी के उपमहासचिव तिरुचि शिवा को दी गई है। वहीं डीएमके के प्रवक्ता कॉनस्टैन्टाइन रविंद्रन को भी इस बार उम्मीदवार बनाया गया है। बाकी दो सीटों में से एक देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कड़गम और एक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को दी गई है। डीएमके के
तिरुचि शिवा और कॉनस्टैन्टाइन रविंद्रन ने आज नामांकन दाखिल किया है। इसके अलावा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के क्रिस्टोफर तिलक और देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कड़गम के एलके सुधीश ने भी मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया।
एआईएडीएमके ने दो सीटों में से एक पर पार्टी के प्रचार सचिव एम. थंबीदुरई को मौका दिया गया है, जबकि दूसरी सीट पट्टाली मक्कल काची के नेता अनबुमणि रामदास को दी गई है। दोनों ने आज सचिवालय में चुनाव अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन पत्राें की जांच 6 मार्च को होगी और 9 मार्च तक नाम वापस लेने की अंतिम तिथि है। यदि चुनाव की आवश्यकता पड़ी तो 16 मार्च को मतदान होगा। हालांकि मैदान में केवल 6 उम्मीदवार होने के कारण सभी के निर्विरोध राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हाेने की संभावना है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV
