किशनगंज, 26 मार्च (हि.स.)।आगामी रामनवमी पर्व को लेकर किशनगंज जिला में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है। भीड़-भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) द्वारा गठित क्यूआरटी (त्वरित प्रतिक्रिया दल) के पदाधिकारियों एवं बलों को विशेष ब्रीफिंग दी गई। ब्रीफिंग के दौरान सभी कर्मियों को पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, त्वरित प्रतिक्रिया, भीड़ प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों पर सतर्कता तथा आपसी समन्वय बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सभी क्यूआरटी टीमों को अलर्ट मोड में रहने, किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आमजनों के साथ संयमित एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने रामनवमी पर्व के मद्देनजर नगर थाना क्षेत्र का क्षेत्र भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारी एवं बलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने पर्व के दौरान गश्ती बढ़ाने, भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा आमजन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि रामनवमी पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। वहीं जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चेक पोस्ट एवं चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।विधि-व्यवस्था संधारण के दृष्टिगत किशनगंज पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात है और लगातार निगरानी रखी जा रही है। आधुनिक तकनीक के उपयोग से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है, जिससे आमजन की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रभावी सहायता मिल रही है।हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह
