बरेली, 01 मार्च (हि.स.) । होली से एक दिन पहले निकलने वाली 166 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक रामबारात को लेकर शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। दो और तीन मार्च को निकलने वाली शोभायात्राओं के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है, जबकि अफसर खुद सड़कों पर उतरकर व्यवस्थाएं परख रहे हैं।

रविवार को एसपी सिटी मानुष पारीक ने सीओ प्रथम शिवम आशुतोष और सीओ द्वितीय अंजनी कुमार तिवारी के साथ कोतवाली, किला और प्रेमनगर क्षेत्र में पैदल गश्त की। बिहारीपुर से कुतुबखाना, बड़ा बाजार और आलमगीरिगंज तक शोभायात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सड़कों, नालियों, बिजली के तारों और छतों की स्थिति देखी गई। कई स्थानों पर छतों तक चेकिंग कर संभावित अराजक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।

शहर में 867 स्थानों पर होलिका दहन और जुलूस प्रस्तावित हैं। ए प्लस श्रेणी के संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रहेगी। जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं, वहां अस्थायी कैमरे लगाए जा रहे हैं। विवादित स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर जिले का पूरा पुलिस बल ड्यूटी पर लगाया गया है। दफ्तरों और पेशी में तैनात कर्मचारी भी फील्ड में रहेंगे। दो अतिरिक्त पीएसी कंपनियों के साथ एक कंपनी आरएएफ भी तैनात की गई है।
चंद्र ग्रहण के कारण इस बार रामबारात और 74 वर्ष पुरानी नृसिंह शोभायात्रा अलग-अलग तिथियों पर निकलेंगी। कुतुबखाना पर होने वाला पारंपरिक संगम नहीं होगा। प्रशासन का दावा है कि आस्था का यह उत्सव शांति और सौहार्द के साथ संपन्न कराया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
