रायगढ़, 07 फ़रवरी (हि.स.)। पुसौर पुलिस एवं कोतरारोड़ पुलिस द्वारा आज शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए सट्टा पट्टी लिखने वाले तथा अवैध शराब कारोबारी को पकड़ा गया है।

पुसौर पुलिस को सूचना मिली थी कि कृषि उपज मंडी पुसौर के पास निरंजन साव नामक व्यक्ति सट्टा पट्टी लिख रहा है। सूचना पर पुसौर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपित ने रायगढ़ के सट्टा खाईवाल पप्पू बरेठ के कहने पर सट्टा लिखना स्वीकार किया तथा बताया कि उसे इसके एवज में 5 प्रतिशत कमीशन मिलता है। आरोपित के मोबाइल की जांच करने पर व्हाट्सएप के माध्यम से पप्पू बरेठ को 28 हजार 520 का सट्टा हिसाब भेजना पाया गया। आरोपित के कब्जे से 700 रुपये नगद एवं एक विवो मोबाइल जब्त किया गया। आरोपित निरंजन साव तथा पप्पू बरेठ के विरुद्ध थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 33/2026 धारा 6(क), 7(1) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपित निरंजन साव (उम्र 58 वर्ष) निवासी औरदा को रिमांड पर पेश कर जेल भेजा गया है ।

वहीं थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में ग्राम नवरंगपुर में भीम सिदार के घर शराब छापामारी की गई। छापामारी के दौरान आरोपित अपने घर आंगन में मिला, जबकि शराब खरीदने आए लोग पुलिस को देखकर भाग निकले। आरोपित भीम सिदार (उम्र 28 वर्ष) निवासी नवरंगपुर थाना कोतरारोड़ के कब्जे से 10 लीटर महुआ शराब (कीमत लगभग 1000 रुपये) जब्त की गई। आरोपित के विरुद्ध थाना कोतरारोड़ में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान
