रायपुर, 04 मार्च (हि.स.)। रायपुर में विधानसभा रोड स्थित शांति सरोवर आश्रम के पास तीन कारें आपस में टकरा गईं। यातायात पुलिस ने बताया है कि आज दोपहर यह हादसा हुआ।

पुलिस थाना से मिली जानकारी के अनुसार सबसे आगे चल रही कार ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे पीछे आ रही दो अन्य कारें एक के बाद एक आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बीच वाली कार दोनों तरफ से दब गई (सैंडविच टक्कर) और पीछे वाली कार के एयरबैग खुल गए। तीनों कारों के अगले और पिछले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। सड़क पर कांच और गाड़ियों के टूटे हुए हिस्से बिखर गए।

कारों में सवार लोगों को मामूली चोटें और खरोंचें आई हैं। हालांकि इस हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। इसी दौरान रायपुर के मंदिरहसौद क्षेत्र में एक अन्य भीषण सड़क हादसा दर्ज किया गया, जिसमें एक तेज रफ्तार कार ने एक बाइक को टक्कर मारी। इस टक्कर में बाइक सवार एक युवक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भनपुरी स्थित प्रकाश कॉम्प्लेक्स में आग –
एक अन्य हादसे में रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित भनपुरी स्थित प्रकाश कॉम्प्लेक्स में आज दोपहर अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। इसी इलाके में पिछले महीने 7 फरवरी 2026 को भी एक बड़ी आगजनी की घटना हुई थी, जिसमें रायपुर टार प्रोडक्ट्स और कावेरी इंडस्ट्रीज नाम की फैक्ट्रियों में भीषण आग लगी थी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा
