नोएडा, 06 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गाैतमबुद्धनगर जिले में थाना फेस-दो पुलिस ने दो टप्पेबाजों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश राह चलते लोगों को अपने जाल में फंसाकर उन्हें नकली नोटों की गड्डी दिखाकर उनसे जेवरात ठग लेते हैं।

पुलिस उपायुक्त जोन द्वितीय शैव्या गोयल ने बताया कि एक सूचना के आधार पर थाना फेस दो पुलिस ने सोमवार को विशाल उर्फ नन्हें निवासी नागलोई दिल्ली (19) तथा करण सोलंकी (26) पुत्र सेवाराम सोलंकी निवासी गाजियाबाद को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने 25 हजार रुपये नकद, 500-500 रुपये की नोट ऊपर नीचे लगाकर बनाई गई दो नकली नोटों की गड्डी बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि यह बदमाश राह चलती महिलाओं और अन्य लोगों को कागज की नकली गड्डी दिखाकर उनसे कहते हैं कि उनके पास मोटी रकम पड़ी है। उसके बाद में ये बदमाश लोगों को झांसे में लेकर उनसे जेवरात ठग लेते हैं। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों ने इस तरह की कई वारदातें करनी स्वीकार की है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी
