रोहतक, 31 जनवरी (हि.स.)। शीला बाईपास के पास दो गाडियों की आपस में टक्कर हो गई, जिसमें पिकअप गाड़ी परिचालक की गंभीर चोट लगने से मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार सैनीपुरा रोहतक निवासी गौरव ने बताया कि वह एक कम्पनी में पिकअप गाड़ी चालक है और जब गांव खरक कला भिवानी निवासी मैनपाल जो परिचालक के साथ किसी काम से जा रहा था तभी शीला बाईपास के पास एक गाड़ी चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाते हुए उनकी पिकअप गाड़ी में टक्कर मार दी। घटना के बाद काफी संख्या में राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए और घायलों को उपचार के लिए पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों ने मैनपाल को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस पीजीआई पहुंची और इस बारे में पता किया। पुलिस ने इस संबंध में गौरव की शिकायत पर गाड़ी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

———–
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल
