मैहर, 14 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा स्थित मुकुंदपुर स्थित व्हाइट टाइगर सफारी में शनिवार को नवनिर्मित रेप्टाइल हाउस का लोकार्पण प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किया। इस अवसर पर सांसद गणेश सिंह भी उपस्थित रहे।

लोकार्पण समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि रेप्टाइल हाउस सरीसृप प्रजातियों के संरक्षण और उनके प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे सफारी में आने वाले पर्यटकों को विभिन्न सरीसृप प्रजातियों को करीब से देखने और उनके प्राकृतिक व्यवहार को समझने का अवसर मिलेगा।
इस मौके पर सांसद गणेश सिंह ने कहा कि रीवा में एयरपोर्ट बनने के बाद मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर परिवहन सुविधा के कारण देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यटक आसानी से यहां पहुंच सकेंगे, जिससे क्षेत्रीय पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
नवनिर्मित रेप्टाइल हाउस में जहरीले और गैर-जहरीले सांपों सहित कई सरीसृप प्रजातियों को सुरक्षित बाड़ों में रखा गया है। यहां भारतीय रॉक पायथन (अजगर), कॉमन कोबरा, इंडियन रैट स्नेक और विभिन्न प्रकार के वाइपर प्रजाति के सांपों के साथ-साथ घड़ियाल, कछुए और गार्डन लिज़ार्ड जैसी प्रजातियां भी देखी जा सकेंगी।
सरीसृपों के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए उनके लिए प्राकृतिक आवास जैसा वातावरण तैयार किया गया है। इसके अलावा भारतीय प्रजातियों के साथ कुछ विदेशी सांपों को भी यहां रखने की व्यवस्था की गई है, जो पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेंगे।
अधिकारियों का कहना है कि रेप्टाइल हाउस शुरू होने से मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी में आने वाले पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी
