


खड़गपुर, 26 फ़रवरी (हि. स.)। दक्षिण पूर्वी सर्किल कोलकाता के रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) बृजेश कुमार मिश्रा ने दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल के अंतर्गत संतरागाछी रेलवे स्टेशन और सांकराइल रेलवे स्टेशन के बीच नव निर्मित सांकराइल–संतरागाछी ब्रॉड गेज (बीजी) लिंक लाइन के उद्घाटन हेतु वैधानिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण की शुरुआत संतरागाछी रेलवे स्टेशन तथा उसके यार्ड के विस्तृत परीक्षण से हुई, जिसमें ट्रैक विन्यास, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, सिग्नलिंग व्यवस्था, इंटरलॉकिंग प्रणाली तथा पैनल कक्षों की जांच सम्मिलित थी। सीआरएस ने स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा परिचालन तत्परता की भी समीक्षा की। इसके उपरांत उन्होंने संतरागाछी से आंदुल रेलवे स्टेशन तक ट्रैक का निरीक्षण किया, जिसमें स्थायी पथ, पुल, समपार फाटक, ओवरहेड उपकरण तथा संबद्ध अवसंरचना का सूक्ष्म परीक्षण किया गया।

आंदुल स्टेशन पर स्टेशन यार्ड, सिग्नलिंग प्रणालियों तथा पैनल कक्षों की विस्तृत जांच की गई ताकि निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण आगे आंदुल से सांकराइल रेलवे स्टेशन तक जारी रहा, जिसमें नव निर्मित लिंक लाइन के सभी महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों एवं परिचालन पहलुओं का परीक्षण किया गया।
इसके पश्चात संतरागाछी से आंदुल तथा आगे सांकराइल तक मोटर ट्रॉली द्वारा व्यापक निरीक्षण किया गया। ट्रॉली निरीक्षण के दौरान ट्रैक ज्यामिति, संरेखण, सुपर एलिवेशन, रेल वेल्ड, फास्टनिंग प्रणाली, बैलेस्ट की स्थिति, पुल एवं पुलिया, ओवरहेड ट्रैक्शन उपकरण (वोएचई), समपार फाटक तथा अन्य सिविल एवं विद्युत प्रतिष्ठानों पर विशेष ध्यान दिया गया।
वैधानिक प्रक्रिया के अंतर्गत संबंधित खंड में व्यापक मोटर ट्रॉली निरीक्षण के उपरांत नव निर्मित लिंक लाइन के माध्यम से सांकराइल से संतरागाछी तक सीआरएस निरीक्षण विशेष की गति परीक्षण किया गया। इस गति परीक्षण में गतिशील परिस्थितियों में ट्रैक की स्थिरता, यात्रा गुणवत्ता, दोलन मापदंडों तथा वास्तविक रेल परिचालन के दौरान सिग्नलिंग एवं इंटरलॉकिंग प्रणालियों के प्रदर्शन का आकलन किया गया।
निरीक्षण के दौरान मिश्रा के साथ खड़गपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडेय तथा मुख्यालय एवं मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नव निर्मित एसईएल–एसआरसी लिंक लाइन से परिचालन लचीलापन बढ़ने, रेलगाड़ियों की आवाजाही सुव्यवस्थित होने तथा खंड में भीड़भाड़ कम होने की अपेक्षा है, जिससे खड़गपुर मंडल में यात्री एवं माल सेवाओं दोनों को लाभ होगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
