फिरोजाबाद, 27 जनवरी (हि.स.)। नारखी थाना क्षेत्र अन्तर्गत मंगलवार को तालाब में एक लापता बालक का शव मिला है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाई है और घटना की जांच में जुट गई है।

थानाध्यक्ष थाना नारखी राकेश गिरी ने बताया कि, गांव कछपुरा निवासी मोहम्मद आमीन का बेटा असद (6) सोमवार शाम अचानक घर के बाहर खेलते हुए लापता हो गया था। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने सोमवार शाम ही नारखी थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई। मंगलवार को घर से लगभग दाे साै मीटर दूर स्थित तालाब में असद का शव उतराता हुआ मिला है। ग्रामीणाें की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।

थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि असद खेलते समय तालाब के किनारे फिसलकर गहरे पानी में गिर गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। फिलहाल मृत्यु का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। पुलिस जांच कर रही है।
———————
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़
