चतरा, 07 मार्च (हि.स.)। शहर से सटे जयशंकर नगर सजना गांव निवासी अनिश कुमार सिंह (28) का शव शनिवार दोपहर जिला नियोजनालय कार्यालय के समीप से बरामद किया गया। वह पिछले पांच दिनों से लापता था।

शव मिलने की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार अनिश कुमार सिंह बीते तीन मार्च की शाम घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां काफी खोजबीन की। उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच उसकी पत्नी शीतल देवी ने सदर थाना चतरा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पति की खोजबीन की गुहार लगाई थी। शनिवार को शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। इधर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी
