भोपाल, 11 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के बिलखिरिया क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में युवक की करंट लगने से मौत हो गई। युवक लोहे की रॉड से जामफल (अमरूद) तोड़ने की कोशिश कर रहा था, तभी रॉड ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गई और वह तेज करंट की चपेट में आ गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

जानकारी अनुसार मृतक की पहचान चंदन कुशवाह (18) पुत्र सुरेश कुशवाह निवासी ईदगाह हिल्स भाेपाल के रूप में हुई है। वह वाटर कूलर सप्लाई का काम करता था। परिजनों के अनुसार चंदन सोमवार को अपनी मौसेरी बहन की शादी में शामिल होने बिलखिरिया आया था और मेहमान के रूप में वहीं रुका हुआ था। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर वह आंगन में खड़े जामफल के पेड़ से फल तोड़ने के लिए लोहे की रॉड का इस्तेमाल कर रहा था। इसी दौरान रॉड घर के ऊपर से गुजर रही 33 केवी बिजली लाइन से टकरा गई। अचानक तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
बचाने गई बुआ भी झुलसी
चंदन को बचाने के प्रयास में उसकी बुआ भी करंट की चपेट में आकर झुलस गईं। परिजन तुरंत दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने चंदन को मृत घोषित कर दिया। वहीं बुआ का इलाज चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
