दंतेवाड़ा, 29 जनवरी (हि.स.)। जिले के दंतेवाड़ा वन परिक्षेत्र के ग्राम गढ़मिरी में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने आज गुरूवार काे अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर अवैध सागौन चिरान 175 नग जब्त किया गया है। जब्त सागौन की कुल मात्रा 3.351 घन मीटर है।

मिली जानकारी के अनुसार वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गढ़मिरी में लकड़ी तस्कर ने सागौन चिरान अपने ठिकाने में छिपा रखा है। जिसके बाद डीएफओ रंगानाधा रामाकृष्णा वाय के निर्देश पर एक टीम बनाई गई। जिसमें सोहन लाल वर्मा, जेपी मिश्रा, संतोष नाग, लक्ष्मीनारायण नागे, परिसर रक्षक कोमल राम साहू सहित अन्य को शामिल किया गया। इस टीम ने गढ़मिरी निवासी कोसा और भीमा के अलग-अलग ठिकाने में अचानक दबिश दी। जिसके ठिकाने से लगभग 175 नग अवैध सागौन चिरान जब्त की गई है।
दंतेवाड़ा वन परिक्षेत्र के डीएफओ रंगानाधा रामाकृष्णा वाय ने बताया कि बेशकीमती लकड़ियों की अवैध तस्करी करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान के दौरान कोसा और भीमा के खिलाफ काष्ठ चिरान अधिनियम 1984 के तहत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 15455/02 और 15455/03 दर्ज कर कार्रवाई किया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे
