मीरजापुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। वर्क फ्रॉम होम के नाम पर ऑनलाइन ठगी की शिकार महिला को पुलिस ने बड़ी राहत दी है। थाना कोतवाली शहर की साइबर सेल टीम ने कार्रवाई करते हुए पीड़िता के खाते में 23,500 रुपये वापस कराए।

छोटा सखौरा निवासी सोनी यादव ने 18 नवंबर 2025 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्क फ्रॉम होम के लिए ऑनलाइन आवेदन के दौरान उससे 50 हजार रुपये की ठगी हो गई। मामले की जांच के बाद साइबर सेल ने कार्रवाई करते हुए आंशिक धनराशि वापस कराई।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। गुरुवार को खाते में रुपये वापस आने पर पीड़िता ने पुलिस टीम का आभार जताया। साइबर सेल ने पीड़िता को ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय भी बताए और लोगों से सतर्क रहने की अपील की। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दयाशंकर ओझा व महिला आरक्षी पारुल श्रीवास्तव की भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
