—बकाया जमा करने के लिए 14 और 15 मार्च को छुट्टियों में भी खुले रहेंगे नगर निगम के सभी दफ्तर,अंतिम तिथि के बाद ब्याज सहित होगी वसूली

वाराणसी, 13 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी नगर निगम ने जलकर वसूली के लिए अभियान चलाया है। जलकर पर सरचार्ज माफी की अवधि आगामी 31 मार्च को समाप्त हो रही है। नगर निगम इसके बाद सरचार्ज सहित वसूली के लिए कुर्की तक की विधिक कार्रवाई करेगा। यह जानकारी शुक्रवार को नगर निगम के जनसम्पर्क कार्यालय ने दी।
बताया गया कि सरचार्ज में छूट का असर शहर में व्यापक स्तर पर देखने को मिला है। पिछले 53 दिनों (19 जनवरी से 12 मार्च) के भीतर लगभग 21,823 भवन स्वामियों ने सक्रियता दिखाते हुए करीब 29 करोड़ रुपये का गृहकर व जलकर जमा किया है। खास बात यह है कि इस अवधि में जनता ने करीब 44 करोड़ रुपये के सरचार्ज माफी का लाभ उठाया, जो कि जमा की गई मूल राशि से भी अधिक है। बताया गया कि वित्तीय वर्ष के अंतिम माह के मद्देनजर नगर निगम में 14 मार्च (माह के द्वितीय शनिवार) और 15 मार्च (रविवार) को अवकाश होने के बावजूद टैक्स विभाग खुले रहेंगे। ऐसे में इन छुट्टियों में भी निगम मुख्यालय और समस्त जोनल कार्यालयों में गृहकर, जलकर व सीवरकर जमा किया जा सकता है । इसके अलावा डिजिटल पेमेंट की भी सुविधा है। भवन स्वामी घर बैठे क्यूआर कोड या नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी भुगतान कर सकते हैं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्पष्ट कर दिया है कि समय सीमा समाप्त होने के बाद अगले वित्तीय वर्ष (2026-27) में पिछले सभी ब्याज जोड़कर वसूली की जाएगी और डिफाल्टरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित होगी। उन्होंने जिन भवन स्वामियों ने अभी तक गृहकर, जलकर या सीवरकर जमा नहीं किया है, उनसे 31 मार्च तक टैक्स जमा कर छूट का लाभ उठाने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी
