जयपुर, 14 मार्च (हि.स.)। शासन सचिव युवा मामले एवं खेल विभाग व अध्यक्ष राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद् डा. नीरज के.पवन ने सवाई मानसिंह स्टेडियम के अर्जुन मीटिंग हॉल में राज्य स्तरीय विकसित राजस्थान रन 2026 को सफल बनाने के उद्देश्य से गठित की गई खेल परिषद् की विभिन्न समितियों के अधिकारियों, कर्मचारियों व प्रशिक्षकों की बैठक आहुत की। बैैैैठक मेें उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर गत वर्ष से चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर राजस्थान दिवस मनाने की शुरूआत की गई है। रविवार की सुबह 6.30 बजे राज्य स्तरीय विकसित राजस्थान रन 2026 का आयोजन किया जाएगा। जिसे समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा अमर जवान ज्योति से फ्लैग-ऑफ़ किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता युवा मामले एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ करेंगे। जबकि विशिष्ट अतिथि युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री के. के. विश्नोई करेंगे।
डा. नीरज के.पवन ने कहा कि यह विकसित राजस्थान रन तीन किलोमीटर की होगी। किसी भी तरह की कोई अव्यवस्था न हो, इसका विशेष ख्याल रखा जाए। आयोजन सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हों। इसके लिए 11 समितियों का गठन किया गया है, जिसमें सचिव, राजस्थान राज्य क्रीडा परिषद सुनील भाटी के नेतृत्व में आयोजन समिति का गठन किया गया है। मुख्य लेखाधिकारी कमलप्रीत कौर को समिति का सह-संयोजक बनाया गया है। अन्य सदस्यों में जनसंपर्क अधिकारी तेजराज सिंह, खेल प्रबंधक रणविजय सिंह और खेल प्रबंधक नरेन्द्र भूरिया सदस्य होंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
