दिल्ली में 25 हजार से अधिक ‘घोष’ के छात्रों का विशाल एकत्रीकरण

प्रयागराज, 17 अप्रैल (हि.स.)। विद्या भारती के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के संगठन मंत्री हेमचंद्र ने कहा कि संगठन आगामी शैक्षणिक वर्ष में सांस्कृतिक और शैक्षिक गतिविधियों को और व्यापक स्तर पर संचालित करेगा। इसी क्रम में शुक्रवार को नैनी स्थित माधव ज्ञान केंद्र में आयोजित साधारण सभा की बैठक में वार्षिक योजना को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में हेमचंद्र ने बताया कि वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 23 सितंबर को देशभर के सभी विद्यालयों में एक साथ सामूहिक गायन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। तय समयानुसार सुबह 11 बजे छात्र-छात्राएं और शिक्षक एक साथ वंदे मातरम का गायन करेंगे।
उन्होंने बताया कि विद्या भारती से जुड़े विद्यालयों में 34 लाख से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि इस कार्यक्रम में डेढ़ लाख से अधिक शिक्षक भी शामिल होंगे।
इसके साथ ही 10 और 11 नवंबर को दिल्ली में 25 हजार से अधिक ‘घोष’ के छात्रों का विशाल एकत्रीकरण प्रस्तावित है। बैठक में भारतीय शिक्षा समिति पूर्वी उत्तर प्रदेश, रज्जू भैया शिक्षा प्रसार समिति, विद्या भारती विकास निधि न्यास एवं काशी प्रदेश की भारतीय शिक्षा समिति के वार्षिक बजट पर भी विचार-विमर्श किया गया।
सभा में एनी बेसेंट विद्यालय को सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध कराने, बालिका छात्रावास निर्माण, राजातालाब में नए विद्यालय भवन के निर्माण तथा काशी प्रांत में तीन नए विद्यालय खोलने पर सहमति बनी।
प्रदेश निरीक्षक शेषमणि ने संगठन द्वारा संचालित 17 प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी। इनमें नवीन प्रधानाचार्य प्रशिक्षण, कार्यालय प्रमुख प्रशिक्षण, नई शिक्षा नीति आधारित पंचपदीय प्रशिक्षण, खेल प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण और प्रांतीय घोष प्रमुखों का प्रशिक्षण शामिल हैं।
बैठक में सहक्षेत्र संगठन मंत्री राम मनोहर, डॉ. रघुराज सिंह, रमेश दत्त पांडे, आनंद कुमार श्रीवास्तव, कंचन सिंह,संघ के काशी प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ मुरार जी त्रिपाठी,शरद सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
