अररिया 09 फरवरी(हि.स.)। पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर फारबिसगंज कांग्रेस विधायक मनोज विश्वास ने सोमवार को विधानसभा सत्र के दौरान मुद्दा उठाया।

विधायक श्री विश्वास ने सदन के माध्यम से सरकार की कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए इसे अन्याय पूर्ण बताया। विधायक मनोज विश्वास ने कहा कि 31 वर्ष पुराने मामले में जिस प्रकार से सरकार सांसद पप्पू यादव को घसीटने का काम कर रही है, वह पूरी तरह मनुवादी सोच को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित प्रतीत होती है और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। विधायक श्री विश्वास ने न्यायालय पर पूर्ण भरोसा जताते हुए कहा कि सांसद पप्पू यादव को न्याय मिलेगा और उन्हें जमानत मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जनहित के मुद्दों को उठाने वाले नेताओं को इस तरह से प्रताड़ित करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
इधर, फारबिसगंज विधायक द्वारा पप्पू यादव की गिरफ्तारी का मुद्दा सदन में उठाने पर छात्र संघ अध्यक्ष शेख तालिब एवं युवा शक्ति के कार्यकर्ताओं ने विधायक मनोज विश्वास के प्रति आभार व्यक्त किया। आभार व्यक्त करने वालों में छात्र संघ अध्यक्ष शेख तालिब, युवा शक्ति जिला अध्यक्ष नन्हे सम्राट, टींकू मंडल, आईटी सेल सहसंयोजक दीपक दिलवर, सरफराज खान, आफताब आलम, इब्राहिम अंसारी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर
