हरियाणा विधानसभा: एचपीएससी-एचएसएससी भर्ती पर कांग्रेस का काम रोको प्रस्ताव रद्द

चंडीगढ़, 23 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा में सोमवार को प्रश्नकाल के बाद कांग्रेस ने एचपीएससी व एचएसएससी की भर्तियों पर दिए गए काम रोको प्रस्ताव के मुद्दे पर हंगामा कर दिया। स्पीकर ने इसे तत्कालिक विषय न होने के चलते रद्द कर दिया। इसे लेकर सदन में काफी देर तक हंगामा होता रहा।

स्पीकर हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि कांग्रेस का प्रस्ताव आया है और वह विचाराधीन है। गीता भुक्कल के साथ आफताब अहमद, अशोक अरोड़ा शकुंतला खटक, जस्सी पेटवाड़, बलराम दांगी, नरेश सेलवाल, देवेंद्र हंस सहित कई विधायकों ने सभी काम रोककर पहले चर्चा करवाने की मांग उठाई। शोर-शराबे के बीच स्पीकर हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि विपक्ष आज और अभी प्रस्ताव पर फैसला चाहता है।
स्पीकर ने कहा कि मैंने प्रस्ताव रद्द कर दिया है। उन्होंने कहा कि चूंकि कांग्रेस ने अपने प्रस्ताव में 11 वर्षों की भर्तियों का मुद्दा उठाया है। ऐसे में यह तत्काल चर्चा का विषय नहीं है। उनके प्रस्ताव रिजेक्ट करते ही कांग्रेस ने विरोध शुरू कर दिया। इस मुद्दे पर विधानसभा में हंगामा शुरू हो गया। कांग्रेस विधायकों ने प्रस्ताव मंजूर करने की मांग करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। एचपीएससी चेयरमैन को हटाने की भी मांग की। स्पीकर जब अपना फैसला बदलने को राजी नहीं हुए और उन्होंने शून्यकाल शुरू करवा दिया तो कांग्रेस ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
कांग्रेस के कुछ युवा विधायक जब काम रोको प्रस्ताव को रद्द करने के विरोध स्वरूप सदन में नारेबाजी कर रहे। स्पीकर हरविन्द्र कल्याण ने अपनी सीट से उठकर उन्होंने सभी को बैठाया भी और शांत रहने का अनुरोध भी किया। फिर भी नारेबाजी जारी रही। संसदीय कार्य मामले मंत्री महिपाल सिंह ढांडा ने कहा कि कांग्रेस का अकेले हरियाणा ने सभी राज्यों में यही हाल है। बहस के बीच उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर हमला करते हुए कहा कि राज्यपाल अभिभाषण को लेकर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने टिप्पणी की है। यह सही नहीं है। राज्यपाल के प्रति टिप्पणी नहीं होनी चाहिए।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
