कानपुर, 08 फरवरी (हि.स.)। जनपद में विश्व कैंसर दिवस 2026 और कैंसर जागरूकता माह के अवसर पर रीजेंसी हेल्थ कानपुर द्वारा एक रविवार को कमला नगर स्थित गौर हरी सिंघानिया परिसर में सर्वाइवर-नेतृत्व वाला सामुदायिक कार्यक्रम ‘स्ट्रॉन्गर दैन कैंसर’ आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम वैश्विक थीम ‘यूनाइटेड बाय यूनिक’ से प्रेरित रहा, जिसका उद्देश्य कैंसर के इलाज के बाद जीवन, आत्मविश्वास और पुनर्निर्माण की अहमियत को रेखांकित करना था।

कार्यक्रम में कैंसर सर्वाइवर्स, देखभाल करने वाले, मरीज, स्वास्थ्यकर्मी, सपोर्ट ग्रुप, मीडिया प्रतिनिधि और स्थानीय समाज के लोग एक मंच पर एकत्र हुए। इस पहल का मुख्य फोकस इलाज से आगे बढ़कर सर्वाइवरशिप, भावनात्मक सहयोग और जीवन की गुणवत्ता पर रहा। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि कैंसर से उबरना केवल चिकित्सा उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि उसके बाद का जीवन भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान सर्वाइवर्स की भागीदारी से कई इंटरएक्टिव और अनुभव साझा करने वाले ज़ोन बनाए गए। पेंटिंग ज़ोन में प्रतिभागियों ने कला के माध्यम से अपनी भावनाएं और संघर्ष साझा किए, जबकि ओपन माइक सत्र में संगीत, कविता और व्यक्तिगत अनुभवों ने कार्यक्रम को भावनात्मक रूप से सशक्त बनाया। इन गतिविधियों ने सर्वाइवर्स के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी दिया।
रीजेंसी हेल्थ के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ अतुल कपूर ने कहा कि कैंसर देखभाल को केवल एक बार के इलाज के रूप में नहीं, बल्कि एक निरंतर यात्रा के रूप में देखा जाना चाहिए। इलाज के बाद नियमित फॉलोअप, मानसिक सहयोग और निरंतर संपर्क मरीजों को सामान्य जीवन में लौटने में मदद करता है।
कार्यक्रम ने यह भी रेखांकित किया कि देश में कैंसर के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है, ऐसे में इलाज के साथ-साथ इलाज के बाद की जिंदगी पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। ‘स्ट्रॉन्गर दैन कैंसर’ जैसी पहल न केवल सर्वाइवर्स को मंच देती हैं, बल्कि समाज में जागरूकता, भरोसे और उम्मीद को भी मजबूत करती हैं।
इस कार्यक्रम का उद्घाटन रीजेंसी हेल्प के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. अतुल कपूर और रोजेंसी हेल्थ की ऑन्कोलॉजी टीम ने किया। हॉस्पिटल की ऑन्कोलॉजी टीम में डॉ. अभिमन्यु कपूर, डायरेक्टर (सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी), डॉ. प्रियंका वर्मा, सीनियर कंसल्टेंट (हेमेटो ऑन्कोलॉजी), डॉ. विकास तलरेजा, सीनिपर कंसल्टेंट (मेडिकल ऑन्कोलॉजी), डॉ. आशीष राज कुलश्रेष्ठ, सीनियर कंसल्टेंट (रेडिएशन ऑन्कोलॉजी); डॉ. जितिन पादव, सौनिपर कंसल्टेंट (सर्जिकल ऑन्कोलॉजी); और डॉ. अभिषेक तिवारी, कंसल्टेंट (मेडिकल ऑन्कोलॉजी) शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
