जयपुर, 14 मार्च (हि.स.)। जयपुर में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में भाग लिया और समाज के गणमान्य लोगों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि वैश्य समाज ने हमेशा राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, व्यापार और सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे आयोजन समाज को संगठित करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को प्रेरित करने का कार्य भी करते हैं।
उन्होंने बेटियों को समान अवसर देने की आवश्यकता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यदि बेटियों को भी समान अवसर मिलेंगे तो वे भी आत्मनिर्भर बनेंगी। समाज को बेटों के साथ-साथ बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सभी से मिलकर राजस्थान को विकसित राजस्थान बनाने में योगदान देने का आह्वान भी किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक, भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल, मालवीय नगर विधायक कालीचरण सराफ, वैश्य फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष एन.के. गुप्ता, ताराचंद समुराई, प्रदेश प्रभारी ध्रुवदास अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री गोपाल गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता, प्रदेश महिला अध्यक्ष चारू गुप्ता सहित समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
