— भारत कला भवन के विविध संग्रहों तथा दीर्घाओं को देखा कुषाणकालीन प्रतिमा तथा मुगल सम्राट अकबर के काल का राम–सीता अंकित सिक्का देख अभिभूत

वाराणसी, 14 मार्च (हि.स.)। वैश्विक दक्षिण के विभिन्न देशों से आए शिक्षकों एवं प्रतिनिधियों ने शनिवार को काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर और भारत कला भवन में भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान दल ने भारत कला भवन में विविध संग्रहों तथा दीर्घाओं का अवलोकन किया।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से पुरातात्त्विक दीर्घा में सुरक्षित प्राचीन मूर्तियों तथा सिन्धु–सरस्वती सभ्यता से सम्बन्धित मृण्मूर्तियों का अवलोकन किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने कुषाणकालीन प्रसाधिका प्रतिमा तथा मुगल सम्राट अकबर के काल का राम–सीता अंकित सिक्का जैसी महत्वपूर्ण पुरावस्तुओं को भी देखा और उनके ऐतिहासिक एवं कलात्मक महत्व के विषय में जानकारी प्राप्त की। बताते चले विदेशी प्रतिनिधिमंडल शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम में आया हुआ है। यह भ्रमण कार्यक्रम अन्तर विश्वविद्यालयीय शिक्षक शिक्षा केन्द्र, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित क्षमता-विकास कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया है। पूरा कार्यक्रम भारतीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग कार्यक्रम (आईटीईसी) तथा विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में किया जा रहा है। भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षिक एवं अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रमों के माध्यम से ज्ञान के प्रसार को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी
