

भाजपा जिला कार्यालय पर आदिगुरु शंकराचार्य की जयंती पर गोष्ठी आयोजित वक्ताओं ने उनके जीवन दर्शन और सनातन धर्म के पुनरुत्थान पर डाला प्रकाश

लखीमपुर खीरी, 21 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पर मंगलवार को आदिगुरु शंकराचार्य की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित एक विशेष गोष्ठी की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ आदिगुरु शंकराचार्य के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
अखंड भारत के प्रणेता थे शंकराचार्य
गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि केरल के कालड़ी गांव में जन्मे आदि शंकराचार्य ने मात्र 32 वर्ष की अल्पायु में सनातन धर्म और देश को जो धरोहरें दीं, वे अतुलनीय हैं। उन्होंने समाज में फैले पाखंड और जातिगत भेदभाव पर प्रहार कर सनातन की पुनर्स्थापना की। श्री गुप्ता ने कहा कि आदि शंकराचार्य ने देश के चारों कोनों में चार धामों की स्थापना कर अखंड भारत की परिकल्पना को जीवंत किया। उनके द्वारा रचित ‘विवेकचूड़ामणि’ ग्रंथ आज भी मानवता को सच्ची राह दिखाता है।
बाल्यावस्था में ही संन्यास और वेदों का ज्ञान
जिला उपाध्यक्ष रामजी मौर्य ने कहा कि शंकराचार्य ने महज 8 वर्ष की आयु में वेदों और पुराणों को कंठस्थ कर लिया था। उन्होंने कम उम्र में ही मां की आज्ञा लेकर संन्यास धारण किया और समाज को नई दिशा दी। वहीं, जिला महामंत्री अनुराग मिश्रा ने उनके ब्रह्मज्ञान की चर्चा करते हुए कहा कि प्रकांड विद्वान मंडन मिश्र भी उनसे शास्त्रार्थ में पराजित होकर उनके शिष्य बने थे। चार धामों के माध्यम से उन्होंने पूरे सनातन समुदाय को एकजुट किया।
सनातन के विरुद्ध षड्यंत्र को समझने की जरूरत
जिला उपाध्यक्ष आशु मिश्रा ने वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कालांतर में कुछ दलों ने जातिवाद का जहर घोलकर सनातन को तोड़ने की कोशिश की। उन्होंने महापुरुषों के विचारों को पाठ्यक्रम से दूर रखा ताकि समाज को बांटकर देश को लूटा जा सके। ब्लॉक प्रमुख दिव्या सिंह ने शंकराचार्य की दिव्यता का वर्णन करते हुए कहा कि उनके उपदेशों ने समाज को कुरीतियों से निकालकर उनमें समरसता का भाव भरा।
इस अवसर पर जिला महामंत्री मनोज वर्मा, जिला सह मीडिया प्रभारी राजीव मिश्रा, जिला आईटी प्रमुख शौर्य सक्सेना, जिला सोशल मीडिया संयोजक निष्कर्ष मिश्रा, रानू गुप्ता, विनय गुप्ता, सुमित जायसवाल और अश्वनी अवस्थी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव
