

बरेली, 29 मार्च (हि.स.) । सर्किट हाउस में आयोजित आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक में प्रदेश के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि शराब की दुकानों पर ओवर-रेटिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मंत्री ने अवैध शराब के कारोबार पर भी कड़ा रुख अपनाते हुए पड़ोसी राज्यों से आने वाली अवैध मदिरा, कच्ची, मिलावटी और चोरी की शराब की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए प्रवर्तन टीमों को सक्रिय रहना होगा और नियमित निगरानी सुनिश्चित करनी होगी। शासन स्तर से भी इस पर लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।
नितिन अग्रवाल ने कहा कि जो लोग अवैध गतिविधियों के माध्यम से सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचा रहे हैं, उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों को भी बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री ने बताया कि प्रदेश का आबकारी विभाग पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है। इसी का परिणाम है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित 63 हजार करोड़ रुपये के राजस्व लक्ष्य की दिशा में विभाग तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब तक की वसूली को उन्होंने संतोषजनक बताया।
बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, इंस्पेक्टर और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
