धर्मशाला, 10 मार्च (हि.स.)। विधानसभा उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की पंचायतों का समग्र, संतुलित एवं सतत विकास करना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश सरकार भी इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और पंचायत स्तर पर आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।

केवल सिंह पठानिया ने मंगलवार को विकास खण्ड रैत की ग्राम पंचायत कजलोट में 33 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित पंचायत भवन का उद्घाटन करने के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि विकास केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि योजनाओं का लाभ पंचायत एवं बूथ स्तर पर प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में विकास योजनाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत कजलोट में जल्द ही पटवार घर, महिला मंडल भवन तथा एक पार्क का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को और अधिक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और पंचायत स्तर पर बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
